बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह की जयंती पर उनके आदर्शों को किया गया नमन
- DSS Admin
- May 18, 2026

कानपुर, 18 मई (हि.स.)। प्रख्यात शिक्षाविद्, समाजसेवी और राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्व बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह का संपूर्ण जीवन शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य किया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। यह बातें सोमवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन विद्यालय बेनाझाबर में आयोजित बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह की जयंती समारोह में मुख्य अतिथि विद्यालय के सह-प्रबंधक श्याम अरोड़ा ने कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सह-प्रबंधक श्याम अरोड़ा द्वारा दीप प्रज्वलन और बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह, उप-प्रधानाचार्या मंजूबाला श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। उनके विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।
इस अवसर पर “नरेंद्रजीत सिंह सिलाई एवं संस्कार केंद्र” की प्रबंधिका मंजूबाला श्रीवास्तव ने शिक्षा का अधिकार के अंतर्गत अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को संस्कार केंद्र से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, संस्कारशाला के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

