भाजपा ने जो भी कहा मोदी और योगी ने उसे पूरा किया : भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ,09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा की जिला मुख्यालयों पर लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन जिलों में निवास करने वाले प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों तथा विधायकों ने किया। भाजपा का स्थापना दिवस अभियान छह अप्रैल से प्रारम्भ होकर 13 अप्रैल तक चलेगा।

लखनऊ में प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा ने अपने स्थापना के काल से ही जो संकल्प तय किये थे, उन संकल्पाें काे केन्द्र व राज्य की सरकारों ने पूरा किया है। भाजपा ने जो भी कहा उसे मोदी और योगी के नेतृत्व में पूरा किया। उसी का परिणाम है कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है।

आज बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य की बुनियादी सुविधा जनता तक पहुंची है तथा सुरक्षा के वातावरण का निर्माण हुआ है। केन्द्र सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण के साथ ही सीएए, वक्फ संशोधन बिल सहित राष्ट्र हित में कडे़ और बडे़ निर्णय लिए हैं। आज बदलता हुए भारत और बदलता हुआ उत्तर प्रदेश दुनिया को दिशा देने के लिए तैयार है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदर्शनी के साथ ही सभी विधानसभाओं में सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन हो रहे हैं। इसके बाद गांव, बस्ती और वार्ड चलो अभियान प्रारम्भ होगा। जिसमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्य तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तथा ऐतिहासिक निर्णयों को जनता के बीच रखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मात्र राजनैतिक दल है जो अपने कार्यों और कार्यक्रमों को लेकर लगातार अपनी सरकार का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच जाकर चर्चा करता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर