भाजपा ने कांग्रेस के यात्रा स्थगित करने के निर्णय का किया स्वागत, कहा- यह समय सबको आपदा प्रभावितों की मदद में जुटने का है

देहरादून, 02 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस की केदारनाथ यात्रा के स्थगित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इस समय सबको आपदा प्रभावितों की मदद के लिए जुटने की जरूरत है। शुरुआत से ही विपक्ष से रचनात्मक भूमिका अदा कर इस तरह राजनैतिक कार्यक्रमों से बचने का आग्रह किया जा रहा था।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जांरी एक बयान में कहा कि पर्वतीय क्षेत्र में इस समय भारी मानसूनी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं हो रही है। कई गावों मे भूस्खलन और जन हानि भी हुई है। सरकार और रेस्क्यू एजेंसियां दिन-रात पीड़ितों को राहत देने मे जुटी है। भाजपा कार्यकर्ता भी आपदा राहत कार्यों में जुटा हुआ है। कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए चिन्हित क्षेत्रों पर पूरी नजर है। केदारनाथ क्षेत्र मे फंसे लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाया गया है।

मनवीर चौहान ने कहा कि आपदा काल में यात्रा राजनैतिक नहीं, बल्कि रचनात्मक होनी चाहिए और विपक्ष की भी बड़ी जवाबदेही राज्य वासियों के प्रति है। इस समय आपदा में कराह रहे लोगों की पीड़ा में हाथ बंटाने की जरूरत है और यह सभी राज्य वासियों और राजनैतिक दलों का नैतिक दायित्व भी है। रेस्क्यू दलों के साथ समन्वय स्थापित कर पीड़ितों तक मदद पहुंचाने में हम सहभागी बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि कोरोना की आपदा हो या वर्तमान में स्थगित यात्रा या अन्य अवसर पर कांग्रेस जनता के बीच होने के बजाय सड़कों पर आंदोलन में दिखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद आपदा प्रबंधन के कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और ग्राउंड जीरो पर आपदा प्रभावितों से मिलकर हौसला बढ़ा रहे हैं। पीड़ितों तक रेस्क्यू फोर्स त्वरित गति से पहुंच रही है। ऐसे वक्त में सभी को निज हित त्यागकर जन हित में आगे आने की जरूरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर