माध्यमिक शिक्षा मंत्री से मिले भाजपा पदाधिकारी, शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज, 25 मई (हि.स)। सर्किट हाउस में सोमवार को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी से भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता एवं महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश कुमार पाण्डेय ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने माध्यमिक शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों, लम्बित मांगों और समस्याओं को लेकर शिक्षा मंत्री से विस्तार से चर्चा की और ज्ञापन सौंपा।

यह जानकारी डॉ शैलेश कुमार पाण्डेय ने देते हुए बताया कि बैठक के दौरान शिक्षकों के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, माध्यमिक विद्यालयों में पठन-पाठन के स्तर को और बेहतर करने के लिए रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द से जल्द भरने की मांग की गई। इसके अलावा पिछले लम्बे समय से लम्बित वर्ष 2013 की प्रधानाचार्य भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र अति शीघ्र निस्तारित कर नियुक्तियां देने का आग्रह किया गया। माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों (एल.टी. ग्रेड) का पदनाम परिवर्तित कर ‘सहायक प्रवक्ता’ करने की बात कही गई।

डॉ पाण्डेय ने आगे बताया कि शिक्षकों के अंतरजनपदीय एवं पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया को और अधिक सुगम, पारदर्शी और गति प्रदान करने की मांग रखी गई ताकि शिक्षकों को सहूलियत मिल सके। गणना (मकानों की गिनती-सेंसस कार्य) की ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों को उनके कार्य के बदले प्रतिकर अवकाश दिए जाने का अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा कि इन्हीं मांगों पर चर्चा कर शिक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया।

--पुरानी पेंशन और स्वास्थ्य बीमा के लिए जताया आभारडॉ पाण्डेय ने बताया कि मांगों को उठाने के साथ ही दाेनाें नेताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार और शिक्षा मंत्रालय का धन्यवाद भी ज्ञापित किया। पदाधिकारियों ने वर्ष 2005 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को ’पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लाने और माध्यमिक शिक्षकों को ’स्वास्थ्य बीमा’ से आच्छादित (कवर) करने के ऐतिहासिक निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं शिक्षा मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

--शिक्षा मंत्री का आश्वासनभाजपा पदाधिकारियों की बात को बेहद गंभीरता से सुनते हुए माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने सभी जायज मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि रिक्त पदों को भरने और 2013 की प्रधानाचार्य भर्ती के निस्तारण सहित अन्य नीतिगत मामलों पर त्वरित गति से कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर पार्टी के सत्यवान, गौरव मिश्रा, जगदीश प्रसाद, डॉ रविंद्र प्रताप सहित कई अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर