भाजपा महिला मोर्चा ने निकाला मौन कैंडिल मार्च

प्रयागराज, 16 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई दर्दनाक घटना से देश भर के डॉक्टर सड़कों पर उतर आए हैं। वहीं आज भाजपा महिला मोर्चा भी डॉक्टरों के समर्थन में उतर आयीं और मुंह पर काली पट्टी बांध यात्रा निकाल कर विरोध दर्ज कराया।

नैनी में महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल की अगुवाई में शुक्रवार को मौन कैंडिल यात्रा निकाली गई। सरगम चौराहे से निकली यह यात्रा भीमराम अम्बेडकर की प्रतिमा स्थल तक गई। इसमें सभी महिलाएं अपने मुंह पर काली पट्टी बांधकर और हाथों में कैंडिल लेकर चल रही थीं। यहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।

बतौर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि लेडी डॉक्टर के साथ बहुत ही घिनौनी हरकत हुई है। हम सब महिलाएं इसका विरोध करते हैं। महिला की कोई जाति नहीं होती है, एक महिला का अपना एक सम्मान होता है। इस घटना से पूरे देश की महिलाओं में आक्रोश है। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति के नेतृत्व में पूरे देश में हम लोग मौन कैंडिल मार्च निकाल कर पीड़ित परिवार के साथ न्याय करने की मांग भी करते हैं।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष सविता मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष कल्पना तिवारी, जिला उपाध्यक्ष शोभा द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव, आस्था पांडे, सुमन गौतम, मंडल अध्यक्ष मिथिलेश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी आरती सिंह, जिला मंत्री शर्मिला सिंह, विभा सिंह सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर