भाजपा में मंडल अध्यक्ष चयन: युवाओं को प्राथमिकता, आयु सीमा 35-45 वर्ष
- Admin Admin
- Feb 10, 2025
देहरादून, 10 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंडल अध्यक्षों के चयन में युवाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। पार्टी ने मंडल अध्यक्षों के लिए आयु सीमा 35 से 45 वर्ष के बीच तय की है और भौगोलिक व सामाजिक संतुलन पर विशेष ध्यान देने की बात कही है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार, चयन प्रक्रिया में महिला, ओबीसी, एससी और एसटी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। एक विधानसभा में आने वाले मंडलों के अध्यक्षों को अलग-अलग सामाजिक वर्गों से रखा जाएगा।
मंडल अध्यक्ष के लिए मंडल के सक्षम पदाधिकारी, मोर्चों के जिला स्तर के सक्षम पदाधिकारी व पूर्व में विस्तारक योजना में रहे नाम पर विचार किया जाएगा। यदि कोई कार्यकर्ता दो बार लगातार मंडल अध्यक्ष रह चुका है तो वह तीसरी बार मंडल अध्यक्ष के लिए के लिए अनुमन्य नहीं होगा।
उन्होंने मंडल अध्यक्ष चयन को लेकर प्राथमिक योग्यता पर कहा कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मंडल अध्यक्ष की आयु 35 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। जिसका पार्टी के प्राथमिक व सक्रिय सदस्य होने के साथ वर्तमान या पूर्व में संगठन में कोई न कोई दायित्व होना भी आवश्यक है। उसे पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि व संगठन के कार्यों का अनुभव होना आवश्यक है। वहीं अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वाले को पद नहीं दिया जाएगा।
मनवीर चौहान ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से नियुक्त विधानसभा पर्यवेक्षक को मंडल अध्यक्ष के लिए राय देने वाले अपेक्षित पदाधिकारियों में स्थानीय सांसद, विधायक व पूर्व विधायक या हालिया विधानसभा उम्मीदवार के अतिरिक्त मंडल में रहने वाले वर्तमान व पूर्व प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, वर्तमान व पूर्व राष्ट्रीय एवं प्रदेश मोर्चों के पदाधिकारी, वर्तमान मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चों के जिला अध्यक्ष, महामंत्री, वर्तमान शक्ति केंद्रों के संयोजक, वर्तमान बूथ अध्यक्ष होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार