भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के परिजनों से की भेंट
- DSS Admin
- Jun 28, 2026



लखनऊ, 28 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने विशिष्ट जनसम्पर्क अभियान के तहत रविवार को लखनऊ में देश के प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के परिजनों से उनके आवास पर आत्मीय भेंट की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने लोहिया जी के परिजनों से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना।
इस विशेष अवसर पर उन्हाेंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के परिजनों रमेशचंद्र लोहिया, शोभा रानी लोहिया, पृथ्वीराज लोहिया, हर्षवर्धन लोहिया, राज्यवर्धन लोहिया, नारायन लोहिया, उदयप्रताप लोहिया और नीलू लोहिया से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्षों का कार्यकाल देश के नवनिर्माण और स्वर्णिम युग का गवाह रहा है। इन वर्षों में भारत ने नीतिगत जड़ता से बाहर निकलकर वैश्विक पटल पर एक आत्मनिर्भर और सुदृढ़ पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर चलते हुए मोदी सरकार की नीतियां केवल कागजी योजनाओं तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उनका सीधा लाभ धरातल पर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों ने देश में एक बड़े और सकारात्मक सामाजिक-आर्थिक बदलाव की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा कि देशहित में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई अपील का देश वासी पूर्ण समर्थन करते हैं।
अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि गरीबों को पक्के मकान, हर घर शुद्ध पेयजल, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया है। इसके साथ ही देश में बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिसने आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार दी है। शोषित, वंचित, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए किए गए यह कार्य भारतीय इतिहास में अंत्योदय के संकल्प को सिद्ध करने वाले एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधायक डॉ. नीरज बोरा तथा एमएलसी पवन सिंह चौहान भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. लोहिया जी के विचारों को याद करते हुए परिवार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
---------------

