मानसून से पहले बाढ़ प्रभावित जिलों का जमीनी आकलन करेगी भाजपा पंजाब
- Neha Gupta
- Jul 02, 2026

- प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी, संवेदनशील जिलों का करेंगे दौरा
चंडीगढ़, 02 जुलाई । मानसून सीजन से पहले भारतीय जनता पार्टी पंजाब ने राज्य के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील जिलों में तैयारियों का जमीनी आकलन शुरू कर दिया है। पार्टी का उद्देश्य राज्य प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा करना और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत एवं रोकथाम उपायों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना है।
इस संबंध में भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पिछले वर्ष बाढ़ से प्रभावित जिलों का दौरा करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय की है। इन दौरों के दौरान संबंधित जिला अध्यक्ष भी वरिष्ठ नेताओं के साथ मौजूद रहेंगे और उन्हें उन क्षेत्रों में ले जाएंगे, जो पिछली बार बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए थे। दौरे के लिए नियुक्त वरिष्ठ नेताओं में अश्वनी शर्मा को गुरदासपुर, फतेह जंग बाजवा को अमृतसर, श्वेत मलिक को पठानकोट, सुरजीत ज्याणी को फिरोजपुर, सुनील जाखड़ को फाजिल्का, सुशील रिंकू को अबोहर, अविनाश राय खन्ना को जालंधर, जंगी लाल महाजन को होशियारपुर, विजय सांपला को रूपनगर और इकबाल सिंह लालपुरा को एस.ए.एस. नगर मोहाली की जिम्मेदारी दी गई है।
ये वरिष्ठ नेता प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर बाढ़ से जुड़ी चुनौतियों, राहत कार्यों और पुनर्वास प्रयासों की जानकारी जुटाएंगे। इसके साथ ही वे स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं और तैयारियों में किसी भी कमी को रेखांकित करते हुए विस्तृत रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगे। भाजपा पंजाब का कहना है कि पार्टी हर मुश्किल समय में पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है। जन सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और प्रभावित परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध करवाने से जुड़े मुद्दों को पार्टी लगातार मजबूती से उठाती रहेगी।
-------------

