गुवाहाटी, 17 जून (हि.स.)। असम भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई की उस टिप्पणी को खारिज किया है, जिसमें उन्होंने वर्तमान मंत्रिमंडल में कार्बी आंगलोंग और डीमा हसाओ जिलों का प्रतिनिधित्व नहीं होने का मुद्दा उठाया था। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कल्याण गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में इन दोनों पहाड़ी जिलों में विकास की यात्रा निरंतर जारी है।
बुधवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी एक बयान में कल्याण गोगोई ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार ने कार्बी आंगलोंग और डीमा हसाओ की दीर्घकालिक समस्याओं के समाधान तथा सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अनेक विकास परियोजनाएं लागू की गई हैं।
बयान के अनुसार, डीमा हसाओ में चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित 884 परिवारों को मुआवजा दिया गया है। वहीं, कार्बी आंगलोंग के लोंगवोकू में 335 करोड़ रुपये की लागत से असम के दूसरे सैनिक स्कूल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इस परियोजना की 80 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार का रक्षा मंत्रालय और 20 प्रतिशत राशि असम सरकार वहन करेगी।
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि उमरांग्सो में असम क्रिकेट संघ द्वारा निर्मित क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा, डीएनएलए शांति समझौते के तहत पूर्व उग्रवादियों के पुनर्वास और डीमा हसाओ में आधारभूत संरचना विकास के लिए केंद्र सरकार के विशेष पैकेज के अंतर्गत 500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। डिफू में इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक और स्टेडियम सहित कई विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।
गौरव गोगोई की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए कल्याण गोगोई ने कहा कि बहुजातीय असम में सभी समुदायों को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद चुनाव को देखते हुए कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से उछाल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य के लोग, विशेषकर दोनों पहाड़ी जिलों के निवासी, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में हो रहे विकास को प्रत्यक्ष रूप से देख रहे हैं और उनकी प्राथमिकता शांति, विकास तथा रोजगार के अवसरों का विस्तार है।
-----------

