भगवानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, शुभेंदु अधिकारी ने वीडियो जारी कर तृणमूल को घेरा

घर की बिखरी हुई हालत

पूर्व मेदिनीपुर, 03 जनवरी (हि. स.)। जिले के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अर्जुननगर ग्राम पंचायत के अनलबेड़िया गांव में बीती रात कथित रूप से भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का मामला सामने आया है।

भाजपा का आरोप है कि रात करीब आठ बजे के बाद अर्जुननगर क्षेत्र एवं बाहर से आए तृणमूल समर्थित 50–60 से अधिक बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ और लूटपाट की। इस दौरान महिलाओं के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया है।

इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार दोपहर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कड़ी प्रतिक्रिया दी। वीडियो संदेश में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी निश्चित हार को भांपते हुए तृणमूल अब गांव-गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि घटना को लेकर पुलिस को सुस्पष्ट और लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब आरोपितों की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा इस घटना के विरोध में सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी। तृणमूल की हिंसा और डराने की राजनीति से भाजपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और आगे किसी भी हमले का लोकतांत्रिक व संगठित तरीके से जवाब दिया जाएगा।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस घटना में रेनुका बेरा, विभास प्रधान, रंजीत आड़ोई, प्रदीप आड़ोई सहित कई स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों को निशाना बनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का “अपराध” सिर्फ इतना था कि उन्होंने अपने इलाके में पार्टी का झंडा लगाया और शांतिपूर्ण ढंग से राजनीतिक कार्यक्रम किए।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

   

सम्बंधित खबर