पाकिस्तान में सिख दंपति की गोली मारकर हत्या की भाजपा ने की कड़ी निंदा
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। पाकिस्तान सरकार की अल्पसंख्यकों और उनके मानवाधिकारों की सुरक्षा में विफलता की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी निंदा की है। मरदान के एक गुरुद्वारे में सिख दंपति की हत्या की निंदा करते हुए भाजपा महासचिव तरुण चुग ने कहा कि यह घटना पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के प्रति सरकार के उदासीन रवैये को दर्शाती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अल्पसंख्यकों को निशाना बनाना राज्य प्रायोजित आतंकवाद का हिस्सा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से हस्तक्षेप कर पाकिस्तान सरकार को जवाबदेह ठहराने की मांग की।
चुग ने गुरुवार को जारी बयान में इस हत्या को “बर्बर और बेहद चिंताजनक” बताते हुए कहा कि इस हमले से पाकिस्तान में रहने वाले सिखों और अन्य अल्पसंख्यकों के बीच भय का माहौल पैदा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार हो रही हिंसक घटनाएं सुरक्षा और न्याय प्रदान करने में पाकिस्तान की विफलता को उजागर करती हैं।
उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और खैबर पख्तूनख्वा सरकार से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि हत्या के दोषियों के साथ-साथ साजिश रचने वालों की भी पहचान कर उन्हें कानून के अनुसार सख्त सजा दी जानी चाहिए। चुघ ने कहा कि कार्रवाई में किसी भी तरह की देरी सरकार की अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल खड़े करेगी।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक गुरुद्वारे के भीतर वृद्ध सिख दंपति की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मर्दान जिले के बाबू मोहल्ला, ख्वाजा गंज बाजार स्थित गुरुद्वारे में अज्ञात हमलावरों ने 70 साल के जगन्नाथ और उनकी पत्नी आसमा वंती की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों गुरुद्वारे के सेवादार और देखरेख करने वाले थे।
---------------

