भाजपा का मूलमंत्र राष्ट्र प्रथम, विचारधारा और प्रतिबद्धता में राष्ट्रीय हित सर्वोपरि: दिलीप सैकिया

गुवाहाटी, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया ने कहा है कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विचारधारा की सशक्त अभिव्यक्ति है, जो 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत पर दृढ़ता से कायम है। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार के बीच पूर्ण समन्वय है और दोनों मिलकर समाज कल्याण व जनहित के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

सैकिया ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन होने के साथ-साथ एक परिवर्तनकारी आंदोलन का नेतृत्व कर रही है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की कार्यप्रणाली सामूहिक नेतृत्व और समन्वित प्रयासों पर आधारित है। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी सरकार को एक अलग इकाई के रूप में नहीं देखती, बल्कि दोनों को एक पूरक शक्ति मानती है, जो जनता के साथ स्थायी संबंध बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को समावेशी रूप से लागू करने के लिए कार्यरत रहती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों द्वारा भाजपा की नीतियों को लेकर की जाने वाली आलोचनाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूत जमीनी पकड़ से घबराकर विरोधी निराधार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता ऐसी बेबुनियाद बातों से विचलित नहीं होते, बल्कि ये चुनौतियां हमारी सेवा भावना को और अधिक सशक्त करती हैं।

सैकिया ने असम की राजनीति में एक नई प्रवृत्ति पर चिंता जताई, जहां वैचारिक रूप से असंगत दल बिना किसी ठोस दृष्टि या नीति के गठबंधन बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता केवल राजनीतिक मंच पर बने रहने के लिए प्रयासरत हैं, जबकि पिछले एक दशक में असम के सामाजिक-आर्थिक विकास में उनका कोई योगदान नहीं रहा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने 'झूमुर बिनंदिनी' महोत्सव और 'एडवांटेज असम 2.0' को ऐतिहासिक आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि झूमुर बिनंदिनी महोत्सव ने चाय जनजाति समुदाय की समृद्ध झूमुर नृत्य कला को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई, वहीं 'एडवांटेज असम 2.0' ने राज्य को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित किया। इसके तहत पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश सुनिश्चित किया गया है, जिससे अभूतपूर्व आर्थिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की दूरदृष्टि और नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में असम नए विकास युग में प्रवेश कर रहा है। भाजपा के 64 लाख समर्पित कार्यकर्ताओं की ओर से सैकिया ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर