रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह की ओर से ा लगाए गए आरोपों को झारखंड की बदली हुई ज़मीनी हकीकत और हेमंत सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से उपजी घबराहट बताया है। पांडेय ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति नोट में कहा कि भाजपा अपने डेढ़ दशक के शासन के दौरान झारखंड को जिस बदहाल स्थिति में छोड़कर गई, वही आज उनके आरोपों की असल वजह है। लेकिन वहीं दूसरी ओर हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड विकास से समृद्धि की राह पर चल पड़ा है।
उन्हाेंने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रगति को भाजपा पचा नहीं पा रही है। भाजपा नेताओं को हेमंत सरकार की उपलब्धियां दिख ही नहीं सकतीं, क्योंकि उनकी राजनीति आदिवासी, मूलवासी, गरीब विरोधी है। भाजपा की नीति झूठ और भ्रम फैलाने पर टिकी है। उन्होंने पूछा कि भाजपा बताए कि क्या वह डेढ़ दशक के शासन में आदिवासी–मूलवासी समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, जमीन–जंगल–जल पर अधिकार दिला पाई या नहीं। उन्होंने कहा कि क्या पूरे राज्य में अधूरे पुल, रुकी सड़कें और बंद फैक्टरियां झूठ थीं। हेमंत सरकार ने 5 साल में जितना काम किया है, उतना भाजपा डेढ़ दशक में नहीं कर पाई और न ही कभी कर पाएगी। विनोद पांडेय ने कहा कि भ्रष्टाचार का आरोप भाजपा को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने पूरे देश में भ्रष्टाचार का नया इकोसिस्टम खड़ा किया। नोटबंदी से लेकर सरकारी उपक्रमों की बिक्री तक कर दी। वह झारखंड पर आरोप लगाने से पहले आईने में खुद को देखे। पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार ने व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाई और निरीक्षण को मजबूत किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar



