उत्तराखंड : आपदा में मदद के आश्वासन पर भाजपा नेताओं ने मोदी-धामी का जताया आभार

- मुख्यमंत्री की कार्यकुशलता को सराहा, आपदा प्रबंधन से बची हजारों जिंदगियां

- खजान दास ने यात्रियों की सकुशल वापसी को राज्य की छवि सुधारने वाला बताया

देहरादून, 7 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा ने राज्य में आपदा से हुए नुकसान से निपटने के लिए केंद्रीय मदद के आश्वासन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है। वहीं कुशल आपदा प्रबंधन से हजारों लोगों को सुरक्षित बचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व सभी एजेंसियों का प्रदेशवासियों की तरफ से आभार व्यक्त किया है।

भाजपा प्रवक्ता एवं राजपुर विधायक खजान दास ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि देवभूमि बरसात, ओलावृष्टि, भू-स्खलन, जलभराव, बाढ़ आदि प्राकृतिक आपदाओं से हमेशा दो-चार होता रहता है, लेकिन मुख्यमंत्री धामी ने जिस जीवटता, गंभीरता, संवेदनशीलता एवं सक्रियता से आपदा प्रबंधन का कार्य किया है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने यात्रियों की सकुशल वापसी को राज्य की छवि सुधारने वाला बताया। उन्होंने कहा कि चाहे यात्रा की शुरुआत में आई दिक्कतें हों या वनग्नि की घटनाएं अथवा सिलक्यारा सुरंग में 41 जिंदगियों को बचाने की जद्दोजहद हो, मुख्यमंत्री धामी ने धैर्यपूर्वक कुशलता से सभी आपरेशन पूरे कराए। वहीं जोशीमठ में लोगों की तकलीफ दूर करने में उनकी कोशिश अद्वितीय रही। यही वजह है कि उत्तराखंडवासी और यहां आने वाले पर्यटक खुद को सुरक्षित और सफल महसूस करते हैं।

बेहतर प्रबंधन से आपदाओं को सरकार ने संभाला

प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि आपदाकाल में अक्सर पर्वतीय क्षेत्रों में भ्रम की स्थिति पैदा होती है, लेकिन इस बार जिस तरह आपदा प्रबंधन इकाइयों का संचालन मुख्यमंत्री धामी ने किया और जिलों को अलर्ट पर रखा। उससे हम आपदा से हुए नुकसान को न्यूनतम करने में सफल रहे हैं। मौसम विभाग ने भी लगातार बारिश, ओले, भू-स्खलन आदि की सूचनाएं प्रेषित कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बेहतर प्रबंधन से आपदाओं को सरकार ने अच्छी तरीके से संभाला है। सबसे बड़ी बात यह है कि केदार घाटी में हजारों की संख्या में फंसे या​त्रियों को सुरक्षित निकालने में सरकार सफल हुई है।

आपदा की घड़ी में राज्य के साथ खड़ी है केन्द्र सरकार

उन्होंने आपदा से राहत पहुंचाने की कोशिशों के तहत मुख्यमंत्री की ओर से केंद्र से किए अनुरोध पर प्रसन्नता जताई। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मदद का भरोसा दिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। इससे साफ है कि आपदा की घड़ी में केन्द्र सरकार राज्य के साथ खड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण / सुनील कुमार सक्सैना

   

सम्बंधित खबर