भाजपा की सदस्यता अभियान समिति गठित, कुलदीप कुमार बने प्रदेश संयोजक

-प्रदेश स्तरीय कार्यशाला 21 अगस्त को दून में

देहरादून, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन महापर्व को लेकर प्रदेश स्तरीय टीम के गठन के साथ जिले मंडल स्तर पर भी तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार को सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से सदस्यता अभियान के संगठन महापर्व को लेकर प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार को सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके सहयोग के लिए प्रदेश सहसंयोजक के रूप में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत और प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रदीप बिष्ट को दायित्व दिया गया है। सदस्य के तौर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविंद पिल्खवाल इस अभियान में सहयोग करेंगे।

उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला 21 अगस्त को देहरादून में आयोजित होगी। इसके लिए जिला स्तर पर चार-चार सदस्यों की जिला सदस्यता समिति और मण्डल स्तर पर तीन-तीन सदस्यों की मंडल सदस्यता समिति बनाई जा रही है। पार्टी की ओर से तय किया गया है कि जिला स्तरीय सदस्यता समिति में एक जिला महामंत्री, एक अनुसूचित जाति सदस्य और एक महिला सदस्य का होना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को होने वाली प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, दायित्वधारी, पूर्व विधायक व 2022 के विधानसभा उम्मीदवार, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष व महामंत्री, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक व सह-संयोजक, जिला प्रभारी व सह-प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला महामंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, जिला समिति सदस्यता अभियान प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर