भीलवाड़ा में भाजपा सदस्यता अभियान, लखावत ने ली विधानसभा और मंडल प्रवासियों की बैठक

भीलवाड़ा में भाजपा सदस्यता अभियान, लखावत ने ली विधानसभा और मंडल प्रवासियों की बैठक

भीलवाड़ा, 15 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान को लेकर रविवार को भीलवाड़ा में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला मुख्यालय पर हुआ, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और विधानसभा एवं मंडल प्रवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की, जबकि राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

लखावत ने अपने संबोधन में भाजपा सदस्यता अभियान को संगठन का महापर्व करार दिया और सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह सदस्यता अभियान संगठन को और अधिक मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, और इसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने अपने वक्तव्य में कहा कि विधानसभा और मंडल प्रवासी सदस्यता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि हर बूथ पर कम से कम 200 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए विधानसभा और मंडल के पदाधिकारी और सदस्यता संयोजक मिलकर काम करेंगे।

बैठक में जिला सदस्यता अभियान संयोजक अविनाश जीनगर ने सदस्यता अभियान की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया और तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल माध्यमों से कैसे नए सदस्य बनाए जा सकते हैं, इस पर भी चर्चा की।

जिला महामंत्री राजकुमार आंचलिया और सह संयोजक रोशन मेघवंशी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ने की अपील की।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रहलाद त्रिपाठी ने किया, जबकि अंत में जिला सह संयोजक हितेंद्र राजौरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विधानसभा प्रवासी बाबूलाल आचार्य, यशोदा मंडोवरा, रामेश्वरलाल जाट, नाथूलाल शर्मा, ऋतु शेखर शर्मा, भरत सिंह राठौड़, पंकज सुगंधी, प्रेम विश्नोई सहित मंडल प्रवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

   

सम्बंधित खबर