भाजपा ने किया कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन, कार्यकर्ताओं ने लिया जीत का संकल्प
- Admin Admin
- Feb 02, 2025
जगदलपुर, 2 फ़रवरी (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव के बीच आज रविवार काे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन का श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन (टाउन हॉल) में आयोजन किया गया। सम्मेलन भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव, नगरीय निकाय चुनाव संचालक केदार कश्यप एवं नगर निगम चुनाव में संगठन प्रभारी व दुर्ग ग्रामीण से विधायक ललित चंद्राकर की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यकर्ता सम्मेलन की शुभारंभ किया। इस दौरान भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित एवं कांग्रेस से आक्रोशित 551 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने समस्त पदाधिकारी एवं समस्त भाजपा के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि ये चुनाव विकास एवं सुशासन के संकल्प का चुनाव है। हर कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा से जुटें, घर-घर पहुंचे, सरकार की उपलब्धियों को बतायें और हर एक मतदाताओं को प्रेरित करें। हम सबकी मेहनत से भाजपा की जीत निश्चित है। नगरीय निकाय चुनाव संचालक केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही चुनाव लड़ता है। कार्यकर्ता का ही संघर्ष है कि आज देश के अधिकतम स्थानों पर भाजपा का झंडा शान से लहरा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। हम सबके संयुक्त प्रयास से नगरीय निकाय चुनाव में भी भाजपा का परचम निश्चित रूप से लहरायेगा। वहीं केदार कश्यप ने कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मूल सहित उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं नगर निगम के प्रभारी ललित चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा मे कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है और वही जनसेवी सरकार बनाने जीतता है। यह आमसभा नहीं, भाजपा के उन संघर्षशील कार्यकर्ताओं का सम्मेलन है जो पार्टी के विचार के साथ बूथ स्तर पर चुनाव लड़ते हैं। ये कार्यकर्ता रुकते नहीं, थकते नहीं, संघर्ष करते हैं विजय के लिए। पार्टी का निरंतर विजय ही लक्ष्य है, भाजपा जनसेवा के लिए सरकार बनाती है और बनाती रहेगी। महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निगम क्षेत्र में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के अलावा और कोई काम नहीं किया। निगम क्षेत्र में हुए भाजपा सरकार के कार्यों का उन्नयन कर श्रेय लेने के अलावा कांग्रेस के पास और कोई विकल्प नहीं है। आप सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं के सहयोग एवं आशीर्वाद से भाजपा प्रचण्ड मतों से जगदलपुर सहित समूचे प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनायेगी और स्वच्छता, पार्किंग, ड्रेनेज सिस्टम जैसी प्रमुख समस्याओं का भाजपा निराकरण कर सुशासन की सरकार चलायेगी। कार्यकर्ता सम्मेलन को जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, वरिष्ठ भाजपा नेता शरद अवस्थी एवं सफीरा साहू ने भी संबोधित किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रमुखत: पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी सहित भाजपा के समस्त पार्षद प्रत्याशी एवं भारी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे