उपमुख्यमंत्री के विवादित बयान पर कठुआ में भाजपा का प्रदर्शन
- Neha Gupta
- Mar 06, 2025


कठुआ 06 मार्च । विधानसभा में उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चाैधरी द्वारा महाराजा हरि सिंह पर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ जम्मू संभाग में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। इसी क्रम में भाजपा जिला कठुआ इकाई की ओर से महाराजा हरि सिंह के अपमान को लेकर प्रदर्शन हुआ।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा ने किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कठुआ के मुखर्जी चाैक में उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चाैधरी का पुतला जलाकर रोष व्यक्त किया। अध्यक्ष ने बताया कि जम्मू कश्मीर के आखिरी शासक महाराजा हरि सिंह जी का जो अपमान विधानसभा में उप मुख्यमंत्री सुरेंद्र चाैधरी ने किया है उसे जम्मू की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महाराजा हरि सिंह जी की वजह से ही आज जम्मू कश्मीर में हम तिरंगा उठा रहे हैं और उनके अपमान को लेकर जम्मू कश्मीर का बच्चा-बच्चा अपनी जान कुर्बान कर देगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कश्मीर के निहत्थे लोगों पर हमला किया था उन गद्ारों की पहरवी एनसी गठबंधन कर रहा है जोकि निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 में जो भाजपा सरकार ने धारा 370 को समाप्त किया था जोकि अब इतिहास बन चुका है और नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस और पीडीपी इसे वापस बहाली का प्रयास कर रहे हैं। जो कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के 28 शेर विधानसभा में विरोधियों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं और जम्मू संभाग के डोगरे उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
---------------