भाजपा ने सलमान खुर्शीद के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान 'बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है' पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाला बयान है। इंदिरा गांधी ने 1975 में देश में आपातकाल लगाया था। आज भी कांग्रेस के नेताओं के अंदर आपातकाल की भावना घूम रही है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में मंदिरों को तोड़ना, हिंदुओं की हत्या करना, विपक्षी नेताओं को चुन-चुनकर मारना, कांग्रेस के लोग किस बात पर खुश हैं, ये सोच ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से उन्होंने विरोध प्रदर्शन और आगजनी की चेतावनी दी। भारत में भड़क सकता है, बांग्लादेश में जो हुआ वो भारत में भी हो सकता है। इस कार्यक्रम में शशि थरूर समेत कई अन्य नेता वहां मौजूद थे और उन्होंने एक तरह से उस बयान का समर्थन किया। राहुल गांधी जब भी विदेश जाते थे तो कई लोगों से छिपकर मिलते थे। वहां जा कर भारत के खिलाफ बोला, अब पता चल रहा है कि उसकी मंशा क्या थी।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ भी हो रहा है, वह भारत में भी हो सकता है। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री मुजीबुर रहमान की किताब शिकवा-ए-हिंद: द पॉलिटिकल फ्यूचर ऑफ इंडियन मुस्लिम्स के विमोचन के मौके पर बोल रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी / रामानुज

   

सम्बंधित खबर