जींद: कांग्रेस का शासनकाल अराजक्ता तथा गरीबों का शोषण करने वाला रहा : बडोली

जींद, 5 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कांग्रेस को खुला चैलेंज किया कि वह 2004 से 2014 के बीच के दस साल के अपने शासनकाल की कोई एक बड़ी उपलब्धि बताए। अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती है तो प्रदेश की जनता उसकी लूटने वाली नीति के बारे में बहुत अच्छे से जानती है और जनता उसे दोबारा मौका नहीं देगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद साेमवार काे पहली बार जींद पहुंचने पर जिला भजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी के विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा, पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, भाजपा के जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे। मोहन लाल बडोली जनसंपर्क आशीर्वाद अभियान में शिरकत करने के बाद सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने किसानों के बकाया 133 करोड रुपये के आबियाना (माल) को माफ करने के हरियाणा सरकार के फैसले को उन्होंने ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि सीएम नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र की भूमि से विस चुनाव का शंखनाद करने का काम किया है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि 11 से 14 अगस्त तक भारतीय जनता युवा मोर्चा पूरे प्रदेश में सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालने का काम करेगा।

14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस मनाया जाएगा और लोगों को विभाजन से हुए नुकसानों के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि कहा कि 2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस का राज था। जो पूरी तरह से अराजकता से भरा हुआ था और गरीबों का शोषण हो रहा था। हर व्यक्ति जानता है, कि इन दस सालों में नौकरियां किस प्रकार से मिलती थी। मिर्चपुर और गोहाना में जो कांड हुए उन्हें जनता नही भूल सकती। वर्ग विशेष को निशाना बनाकर उनके प्रतिष्ठानों को जलाने का काम किया गया। अब कांग्रेस दोबारा हरियाणा को लूटने की मंशा से मैदान में आ रही है। मोहनलाल बडोली ने स्पष्ट कहा है कि अनुसूचित जाति जनजाति आरक्षण को लेकर वर्गीकरण के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है। हरियाणा सरकार उसे लागू करने का काम करेगी। शिक्षा के क्षेत्र में इसे पहले लागू कर दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर