सोनीपत: भाजपा की 11 साल की उपलब्धियां समावेशी विकास और राष्ट्रवाद पर फोकस
- Admin Admin
- Apr 09, 2025

- मुख्य
वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने की शिरकत
सोनीपत, 9 अप्रैल (हि.स.)। विधायक निखिल मदान के संयोजन में भाजपा के जिला कार्यालय में
सोनीपत विधानसभा के सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मेलन का बुधवार को आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रमुख नेताओं ने अपने विचार
साझा करते हुए बताया कि कैसे भाजपा ने समावेशी विकास, राष्ट्रहित और जनकल्याण को केंद्र
में रखते हुए शासन किया है।
सोनीपत के सेक्टर आठ स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित सदस्य
मिलन कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने पार्टी की 11 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित
करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने समावेशी विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया
कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और
मध्यम वर्ग को मिला है। विधायक मदान ने कहा कि इन वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था
विश्व में पाँचवें स्थान पर पहुँच गई है, डिजिटल क्रांति की शुरुआत हुई है, इंफ्रास्ट्रक्चर
में जबरदस्त विकास हुआ है और किसानों को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
बतौर मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने पार्टी
की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र सर्वोपरि के सिद्धांत पर कार्य
करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी जातिवाद, क्षेत्रवाद और परिवारवाद की राजनीति से दूर
रहते हुए राष्ट्र हित को प्राथमिकता देती है। उन्होंने यह भी कहा कि यही कारण है कि
युवा आज भाजपा से अधिक जुड़ाव महसूस कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, माईराम कौशिक और अन्य
वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रवाद को राजनीति
का केंद्रबिंदु बनाते हुए प्रदेशभर में लाखों सक्रिय कार्यकर्ता तैयार किए हैं। कार्यक्रम
में रविंद्र दिलावर, नवीन मंगला, नीरज सोनी, आरती शर्मा, और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता
उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना