भाजपा की संगठनात्मक बैठकों का दौर जारी, कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
- DSS Admin
- May 09, 2026

जम्मू, 09 मई । रेखा महाजन ने तीन दिवसीय सांबा दौरे के दौरान जिले के विभिन्न मंडलों में संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करते हुए पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठकों में जिला अध्यक्ष आशा रानी, महासचिव राकेश सम्याल, अमित दुबे, संगठन मंत्री इंद्रजीत शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम घगवाल, बड़ी ब्राह्मणा, बंग्लाड, रामगढ़, स्वांखा, सांबा, नड, विजयपुर और पुरमंडल मंडलों में आयोजित किए गए। मंडल अध्यक्षों, मोर्चा प्रमुखों और शक्ति केंद्र प्रमुखों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
अपने संबोधन में महाजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसके कार्यकर्ता पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सेवा, अनुशासन और समर्पण संगठन की संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी सहित हर संकट की घड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अग्रिम पंक्ति में रहकर लोगों की मदद की। राशन, दवाइयों, मास्क और अन्य आवश्यक वस्तुओं के वितरण से लेकर अस्पताल सहायता तक, भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाज सेवा का उदाहरण पेश किया।
रेखा महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई राजनीतिक दल केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देते हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता सालभर लोगों की सेवा में जुटे रहते हैं।
उन्होंने सांबा जिले के कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ समितियों को सशक्त बनाने और आगामी पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

