अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2.17 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग, दो महिलाएं गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
रायपुर, 1 जुलाई (हि. स.) । गुढ़ियारी थाना पुलिस ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग के जरिए लाखों रुपये वसूलने के मामले में दो महिला आरोपितों को आज बुधवार को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने एक युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना ली थी, जिसके बाद सोशल मीडिया और परिजनों को वायरल करने की धमकी देकर उससे अलग-अलग किश्तों में करीब 2 लाख 17 हजार रुपये वसूल लिए।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि, उसकी परिचित एक महिला ने उसे अपने घर बुलाया, जहां दूसरी महिला के साथ मिलकर उसे शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। बेहोशी की हालत में उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए। इसके बाद आरोपितों ने लगातार ब्लैकमेल करते हुए फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी और फोन-पे व यूपीआई के माध्यम से विभिन्न किश्तों में करीब 2.17 लाख रुपये वसूल लिए।
शिकायत के आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 265/2026 के तहत धारा 308(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ ज़ोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर पुलिस ने मोबाइल चैट, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, फोन-पे/यूपीआई डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों महिला आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

