आर्थिक राजनीतिक सामाजिक एवं शैक्षणिक समानता के पक्षधर थे बी पी मंडल: राकेश मौर्य
- Admin Admin
- Apr 13, 2025

जौनपुर,13 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने मंडल आयोग के अध्यक्ष बी.पी. मंडल की रविवार को पुण्यतिथि मनाई। सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में सांसद कार्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने बी.पी. मंडल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान सभा में राजनीतिक लोकतंत्र के साथ सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र की स्थापना की बात कही थी। बी.पी. मंडल ने इसे व्यवस्थागत रूप देने का प्रयास किया। आर्थिक राजनीतिक सामाजिक एवं शैक्षणिक समानता के पक्षधर थे बी पी मंडल।उनके नेतृत्व में बने आयोग ने 40 सिफारिशें दीं। इन सिफारिशों के लागू होने से देश में सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र मजबूत होता।
मौर्य ने बताया कि देश की आधी से अधिक आबादी ओबीसी वर्ग की है। बी.पी. मंडल ने इस वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए 27 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर, डॉ. लोहिया और बी.पी. मंडल के सपनों को साकार करने के लिए अखिलेश यादव पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज की लड़ाई लड़ रहे हैं।कार्यक्रम में विकास यादव, आनंद मौर्य और गामा सोनकर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव