नागपुर में 11 जुलाई से होगी ब्रिक्स परिवहन मंत्रियों की तीसरी बैठक

नागपुर, 8 जुलाई (हि.स.)। भारत की ब्रिक्स 2026 अध्यक्षता के तहत महाराष्ट्र के नागपुर में 11 एवं 12 जुलाई को ब्रिक्स देशों के परिवहन मंत्रियों की तीसरी बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के परिवहन मंत्रियों के अलावा वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे तथा टिकाऊ परिवहन व्यवस्था, बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक संपर्क व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” के अनुरूप इस बैठक का आयोजन किया जा रहा है। बैठक का उद्देश्य तकनीकी प्रगति और बेहतर संपर्क व्यवस्था के माध्यम से समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 11 जुलाई को होने वाली बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें ब्रिक्स देशों के संबंधित मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे।

ब्रिक्स परिवहन कार्य समूह सदस्य देशों के बीच नीतिगत संवाद और सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। रूस और ब्राजील की अध्यक्षता में आयोजित पहली दो बैठकों के बाद नागपुर में होने वाली यह तीसरी बैठक अंतरराष्ट्रीय परिवहन सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस दो दिवसीय बैठक में परिवहन क्षेत्र में हुई प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान और भविष्य के सहयोग के नए क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में टिकाऊ विमानन ईंधन, शहरी गतिशीलता, बहु-माध्यम परिवहन प्रणाली, मजबूत लॉजिस्टिक्स आपूर्ति श्रृंखला, कार्बन उत्सर्जन में कमी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकों के उपयोग जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी।

विस्तारित ब्रिक्स समूह में ब्राज़ील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। यह समूह विश्व की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ब्रिक्स देशों के बीच मजबूत परिवहन सहयोग से व्यापार को बढ़ावा देने, क्षेत्रीय एवं अंतरमहाद्वीपीय संपर्क सुधारने, लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाने और बेहतर वैश्विक आपूर्ति शृंखला विकसित करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

नागपुर में आयोजित होने वाली यह बैठक परिवहन क्षेत्र में ब्रिक्स देशों के सहयोग को नई दिशा देगी। इससे शहर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी मजबूती मिलेगी और वैश्विक नीति निर्माण में नागपुर की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो सकती है।

------------

   

सम्बंधित खबर