यूएस ओपन बैडमिंटन 2026 के फाइनल में किदांबी श्रीकांत, खिताब से एक कदम दूर
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। भारत के स्टार शटलर और पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएस ओपन बैडमिंटन 2026 के पुरुष एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में 33 वर्षीय श्रीकांत ने जापान के चौथी वरीयता प्राप्त युदाई ओकिमोटो को 22-20, 15-21, 21-19 से हराया।
पहले गेम में श्रीकांत ने जोरदार शुरुआत की लेकिन ओकिमोटो ने भी वापसी करते हुए गेम प्वाइंट हासिल किए। हालांकि भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य नहीं खोया और पहला गेम 22-20 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में ओकिमोटो ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 21-15 से जीत दर्ज की और मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम तक पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में भी श्रीकांत ने शुरुआती बढ़त बनाई लेकिन ओकिमोटो ने लगातार चुनौती पेश की। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने लगातार छह प्वाइंट जीतकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। आखिर में अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए श्रीकांत ने 21-19 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया।
अब फाइनल में श्रीकांत का सामना चीनी ताइपे के सु ली यांग से होगा। यांग ने दूसरे सेमीफाइनल में भारत के युवा शटलर रौनक चौहान को 21-17, 21-19 से सीधे गेमों में हराकर फाइनल में जगह बनाई।
रौनक चौहान ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में इजराइल के मिशा जिल्बरमैन को 23-21, 21-11 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
महिला एकल में भारत की देविका सिहाग ने डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफर्सन के खिलाफ पहला गेम 21-15 से जीतकर शानदार शुरुआत की। हालांकि इसके बाद क्रिस्टोफर्सन ने दमदार वापसी करते हुए अगले दो गेम 21-11 और 21-15 से अपने नाम किए और फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस हार के साथ देविका का अभियान समाप्त हो गया।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने फाइनल के लिए श्रीकांत को शुभकामनाएं दी। प्राधिकरण ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि किदांबी श्रीकांत ने यूएस ओपन सुपर 300 के पुरुष एकल फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में शांत और सधे हुए खेल के साथ उन्होंने अपनी क्लास साबित की। फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं, श्रीकांत।
-----------

