बहराइच: बकरी के शिकार में आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में फंसा

बहराइच, 30 सितम्बर (हि.स.)। जनपद के मैकू पुरवा गांव में सोमवार भोर के समय आदमखोर तेंदुआ को वन विभाग की टीम ने अपने पिंजड़े में कैद कर लिया है। तेंदुए को रेस्क्यू करने के बाद जिला प्रशासन, वन विभाग और ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है।

कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा वन रेन्ज अन्तर्गत नौबना जंगल के किनारे मैकू पुरवा गांव है। यहां पर जगंल के रास्ते बीते दिनाें एक आदमखोर तेंदुआ आ गया, जो काफी उत्पात मचाए हुए था। रविवार दोपहर को खेत में काम करते हुए ग्रामीण पर हमला भी किया था। इससे गांव के लोग दहशत में थे। इस जानकारी पर उपजिलाधिकारी मिहींपुरवा संजय कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकार हीरालाल कनौजिया, कोतवाल अमितेंद्र सिंह ककरहा वन रेंज दरोगा अशोक कुमार सहित वन टीम घटनास्थल पर पहुंचे। टीमें देर रात गांव में कैंप करती रहीं। स्पेशल टाइगर प्रोडक्शन फोर्स के साथ वन क्षेत्राधिकारी ककरहा डीपी कनौजिया गांव पहुंच गये।

वन्य जीव प्रभागीय अधिकारी बी. शिव शंकर ने बताया तेंदुए को पकड़ने के लिए रात में नौ बजे के करीब बकरी बांधकर पिंजरा लगाया गया। सुबह तीन बजे के करीब तेंदुआ पिंजरे में बधी बकरी के शिकार के चक्कर में कैद हो गया। वन विभाग की टीम पिंजरे में कैद तेंदुए को रेंज कार्यालय ले गई। तेंदुए का डॉक्टर की टीम स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है, उनके निर्देशानुसार तेंदुए को गांव से दूर जंगल में छोड़ा जाएगा। आदमखोर तंदुआ पकड़े जाने के बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

   

सम्बंधित खबर