बलिया में सतुआन पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

बलिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। प्रकृति के उल्लास के अनोखे पर्व सतुआन पर सोमवार को जिले में आस्था का संगम देखने को मिला। आस्थावानों ने तड़के गंगा में पवित्र डुबकी लगाने के बाद शहर के विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन कर सत्तू, कच्चे आम और गुड़ का सेवन किया।

फसलों के पक कर तैयार होने और अनाज के घर आने के बाद किसानों द्वारा उल्लास और उमंग के साथ मनाया जाने वाला सतुआन पर्व पर लोग भोर से ही गंगा घाटों की ओर जाने लगे थे। चूंकि बैशाख कृष्ण प्रतिपदा है, लिहाजा इस दिन कोई शुभ कार्य की शुरुआत की जा सकती है, इसलिए मुंडन संस्कार का भी मुहूर्त था। मुंडन संस्कार और सतुआन पर गंगा स्नान के कारण शहर से गंगा घाटों तक भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

ई-रिक्शा, निजी वाहनों और ट्रैक्टर ट्रालियों का लम्बा रेला गंगा घाटों की ओर जाने वाले सभी मार्गो पर रहा। जाम के कारण लोगों को मुसीबतों का भी समाना करना पड़ा। हालांकि, गंगा घाटों पर लोग स्नान करने के लिए उमड़ पड़े थे। महिलाओं ने गंगा स्नान के बाद दीपक जलाए। इसके बाद सत्तू और गुड़ दान किया। गंगा स्नान के बाद भृगु मंदिर और बाबा बालेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन के लिए लम्बी कतारें दिखीं। लोगों ने परम्परा के अनुसार नए अनाज का सत्तू और नए फल के रूप में कच्चे आम की चटनी खाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

   

सम्बंधित खबर