बलरामपुर : पहलगाम आतंकी हमले का विरोध, भाजयुमो ने फूंका पुतला
- Admin Admin
- Apr 25, 2025

बलरामपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 27 पर्यटकों की मौत का विरोध जारी है। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज के लरंगसाय चौक के पास शुक्रवार शाम को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आतंकियों का पुतला फूंका और हमले में मारे गए सैलानियों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट मौन रखकर मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और साथ ही पीड़ित परिवारों को इस दुःख की घड़ी में सहन शक्ति देने कामना की।
भाजयुमो के जिला महामंत्री अश्विनी गुप्ता ने कहा कि, जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मासूम पर्यटकों पर हुआ आंतकवादी हमला अत्यंत ही क्रूर और घोर निंदनीय है। यह हमला आंतकियों की कायरता और उनकी विक्षिप्त मानसिकता को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पाण्डेय



