बरेका के कलाकारों ने जामवंत और जटायु की वेशभूषा में दिया स्वच्छता का संदेश

-बरेका पूर्वी कालोनी में “घर-घर जागरूकता अभियान”,चित्रकला प्रतियोगिता

वाराणसी, 24 सितम्बर (हि.स.)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा स्वच्छता ही सेवा अभियान में सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने जामवंत और जटायु की वेशभूषा में स्वच्छता का संदेश दिया। बरेका पूर्वी कॉलोनी में कलाकारों ने “घर-घर जागरूकता अभियान” चलाया।

इस अभियान के तहत स्वच्छता, बीमारियों की रोकथाम, सामुदायिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण, आदतों में बदलाव और स्वच्छ भारत मिशन में योगदान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया गया। इसके अलावा न्यू ब्लॉक शॉप में कचरे का प्रबंधन विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करना (गीला और सूखा कचरा), पुनः उपयोग (रिसाइक्लिंग) और पुनर्चक्रण की अवधारणा को बढ़ावा देना, सिंगल-यूज प्लास्टिक का त्याग और पर्यावरण-मित्र विकल्पों के उपयोग पर चर्चा की गई। योजनाओं और नागरिक सहभागिता पर भी विमर्श हुआ। यह अभियान आलोक कुमार सिंह (मुख्य कारखाना प्रशिक्षक) की टीम ने चलाया।

कार्यक्रम का समन्वय उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (स्पेयर) एम.पी. सिंह और संरक्षा अधिकारी अनूप सिंह वत्स ने किया। इसके अतिरिक्त, ‘काव्यांजली’ बरेका ड्राइंग इंस्टीट्यूट में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें दो वर्गों जूनियर (5 से 10 वर्ष) और सीनियर (11 से 15 वर्ष) में बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय स्वच्छता ही सेवा,स्वभाव स्वच्छता,संस्कार स्वच्छता रहा। इसमें बरेका परिवार के बच्चों ने भागीदारी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर