भगवान श्रीराम के सर्वोत्तम सेवक, सखा और भक्त हनुमानजी सद्गुणों के भंडार है : देविका देवी

मुरादाबाद, 1 फरवरी (हि.स.)। श्री परिवार दिव्य महायज्ञ समिति ट्रस्ट द्वारा आयोजित पांच दिवसीय पीतांबरा देवी महायज्ञ एव श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन शनिवार को प्रातः कालीन सत्र में शनि महामृत्युंजय महायज्ञ हुआ। सांयकालीन सत्र में वृंदावन धाम से पधारी बाल व्यास देवी देविका देवी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के सर्वोत्तम सेवक, सखा और भक्त श्री हनुमान सद्गुणों के भंडार हैं।

बाल व्यास देवी देविका देवी ने कहा हनुमानजी के परम पराक्रमी सेवा मूर्ति स्वरूप से तो सभी परिचित हैं लेकिन वह ज्ञानियों में भी अग्रगण्य हैं। वह अतुलित बल के स्वामी हैं। उनके अंग वज्र के समान कठोर एवं शक्तिशाली हैं। उन्हें ‘वज्रांग’ नाम दिया गया जो आम बोलचाल में ‘बजरंग’ बन गया। बजरंग बली केवल गदाधारी महाबलि ही नहीं बल्कि विलक्षण और बहुआयामी मानसिक और प्रखर बौद्धिक गुणों के अद्भुत धनी भी हैं। राम काज अर्थात अच्छे कार्य के लिए वह सदैव तत्पर रहते थे। वह राम सेवा अर्थात सात्विक सेवा के शिखर पुरुष ही नहीं थे बल्कि अनंत आयामी व्यक्तित्व विकास का महाआकाश है। विवेक, ज्ञान, बल, पराक्रम, संयम, सेवा, समर्पण, नेतृत्व, सम्पन्नता आदि विलक्षण गुणों के धनी होने के बावजूद उनमें रत्ती भर अहंकार नहीं था। चिरंजीवी हनुमान को पवन पुत्र कहा गया है।

कथा व्यास ने बताया कि एक बार हनुमान जी को सुलाकर माता अंजनी गृह कार्य में व्यस्त हो गईं। तभी हनुमान जी की नींद खुल गई तथा भूख से व्याकुल हो सूर्य को मीठा फल समझकर उन्होंने उसे अपने मुख में भर लिया। उस समय ग्रहण चल रहा था। सूर्य की यह गति भांपते हुए राहू ने देवराज इंद्र के पास जाकर उन्हें सारा वृत्तांत सुनाया। तब देवराज इंद्र ने देखा कि छोटे से हनुमान सूर्य को अपने मुख में रख कर खेल रहे हैं और सारा जगत त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहा है।

शनि महामृत्युंजय महायज्ञ में मुख्य यजमान पुनीत बंसल, श्वेता बंसल, दीपक कुरेचिया, अशोक यादव व अमित शर्मा रहे। महायज्ञ श्री परिवार पीठाधीश्वर पंडित कृष्णा स्वामी के निर्देशन महायज्ञ संचालक आचार्य कामेश्वर मिश्र, पंडित तेजनारायण, पंडित जगदंबा प्रसाद द्वारा संपन्न हुआ।

इस अवसर पर संरक्षक केके गुप्ता, अध्यक्ष अंरविद अग्रवाल, मीडिया प्रभारी विकास ममगाईं, सुधीर श्रीवास्तव, अवनीत सक्सेना, आशुतोष गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, वरुण नरेश सक्सेना, अतुल सोती एडवोकेट, मुकेश दत्त कौशिक, गोपाल कृष्ण गर्ग, विशाल अग्रवाल, केए सक्सेना, अखिलेश सक्सेना, अंकित सक्सेना, विनय जौहरी, सौभाग्य सक्सेना, पारस गुप्ता, अभिषेक शर्मा, सुमित खन्ना, मघु बंसल, उर्मिला पांडे, अतुल सोती एडवोकेट, तनु सम्राट अनीता कौशिक सीमा विश्नोई, मिथिलेश गुप्ता, अंजना चौहान, मुदिता अग्रवाल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

   

सम्बंधित खबर