राष्ट्र की एकता व अखंडता को अक्षुण रखेगा तिरंगा कार्यक्रम– गोविंद नारायण शुक्ल

कुशीनगर, 8 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के संकल्प की प्रतिबद्धता के साथ स्वतंत्रता दिवस को हर घर तिरंगा व तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों में जनसामान्य के साथ सहभागिता करें। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दिन हर घर तिरंगा के संकल्प के साथ अभियान की जो विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। कार्यकर्ता उसके अनुरूप सक्रिय भागीदारी निभाएं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी व विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल ने गुरुवार देर शाम को पड़रौना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।

प्रदेश महामंत्री शुक्ल ने कहा कि इस अभियान को जन जन का अभियान बनाना है। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान को जन जन तक पहुंचाने के लिए मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की जायेंगी। जिसमें बूथ स्तर तक तिरंगा अभियान को सफल बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

हर घर तिरंगा अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि 11, 12, व 13 अगस्त, 2024 को प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्रा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता निकालेंगे। बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता स्थानीय नागरिकों के साथ मोटरसाईकिलों से हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा पर निकलेंगे। 12-14 अगस्त, 2024 को महापुरुषों की प्रतिमा एवं स्मारकों के आस- पास स्वच्छता का कार्यक्रम चलाया जाएगा एवं अमर बलिदानियों, व महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करके पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि कृतज्ञ नमन करेंगे।

13, 14 व 15 अगस्त, 2024 तक प्रत्येक कार्यकर्ता जन-जन से सम्पर्क करके प्रत्येक घर एवं व्यवसायिक केन्द्रों पर हर घर तिरंगा फहराने हेतु अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इसी क्रम में पार्टी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रत्येक जनपदों में गोष्ठी का आयोजन करेगी तथा मौन जुलूस भी निकालेगी। इसके साथ ही विभाजन की विभीषिका को प्रदर्शित करती हुई प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिला केंन्द्रो पर संगोष्ठी करते हुए विभाजन के काले अध्याय को याद करते हुए लाखों की संख्या में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि दी जायेगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी बड़े पैमाने पर जगह-जगह सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / गोपाल गुप्ता / बृजनंदन यादव

   

सम्बंधित खबर