भारत के अलावा दुनिया के 46 देशों में महात्मा बुद्ध की बात माना जाता है : शिवदत्त भारती
- Admin Admin
- May 12, 2025

--भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में निकाला गया शांति मार्च और हुई विचार गोष्ठी
मुरादाबाद, 12 मई (हि.स.)। महानगर में सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा और गौतम बुद्ध की जयंती पर विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित हुए। वहीं भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में तथागत गौतम बुद्ध की जयंती व बुद्ध पूर्णिमा पर पहले फुब्बारा चौक से सिविल लाइन स्थित अंबेडकर पार्क तक शांति मार्च निकाला गया, फिर अंबेडकर पार्क में विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवदत्त भारती ने कहा कि भारत के अलावा दुनिया के 46 देशों में महात्मा बुद्ध की बात को माना जाता है।
शिवदत्त भारती ने आगे कहा कि गौतम बुद्ध ने हमेशा मानव कल्याण के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि भारत में ही नहीं दुनिया के 46 देशों में महात्मा बुद्ध की बात को माना जाता है। गौतम बुद्ध ने संदेश दिया अपना दीपक स्वयं बनो। उनके कल्याणकारी मार्ग को अपनाकर हम दुनिया को सच बना सकते हैं। उन्होंने हमेशा कहा बैर से बैर कभी शांत नहीं होता। एक बैर दूसरे बैर को जन्म देता है। बैर हमेशा बुद्ध के बताए मार्ग से शांत होता है। गौतम बुद्ध ने जो पंचशील बताए हैं उसमें पहला मनुष्य को अकारण किसी की हत्या नहीं करनी चाहिए, दूसरा मनुष्य को चोरी नहीं करनी चाहिए, तीसरा मनुष्य को व्यभिचार नहीं करना चाहिए, चौथा मनुष्य को झूठ नहीं बोलना चाहिए और पांचवां किसी भी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए। पंचशीलों को हमें हमेशा अपनाना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल