भारती एयरटेल ने नेटवर्क कवरेज का विस्तार करके अमरनाथ यात्रा के लिए कनेक्टिविटी को मजबूत किया:सीईओ
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
श्रीनगर, 03 जुलाई (हि.स.)। भारती एयरटेल ने आज अमरनाथ यात्रा के दौरान अपने मोबाइल नेटवर्क के विस्तार की घोषणा की है जिससे क्षेत्र में तीर्थयात्रियों, सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय अधिकारियों के लिए कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। चंदनवारी, पिस्सू टॉप और बेताब घाटी में नेटवर्क साइटें स्थापित करके एयरटेल ने बालटाल में अपनी मौजूदा उपस्थिति के अतिरिक्त महत्वपूर्ण पहलगाम मार्ग पर नेटवर्क कवरेज स्थापित कर लिया है जिससे पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर तक निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो गई है।
यात्रा के दौरान संचार अवसंरचना को मजबूत करने के लिए संबंधित सरकारी अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ घनिष्ठ समन्वय में यह तैनाती की गई। बेहतर कवरेज विश्वसनीय वॉयस और डेटा कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, आपातकालीन संचार में सहायता करेगा और लाखों तीर्थयात्रियों के लिए डिजिटल पहुंच में सुधार करेगा।
भारती एयरटेल के जम्मू और कश्मीर के सीओओ विक्रम आरएस ने कहा कि एयरटेल में हम सबसे चुनौतीपूर्ण इलाकों में भी लोगों, समुदायों और आवश्यक सेवाओं को जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के लिए पहलगाम और बालटालद दोनों मार्गों पर हमारे नेटवर्क का विस्तार जम्मू-कश्मीर में हमारे निरंतर निवेश और इस महत्वपूर्ण वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों, सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों को विश्वसनीय रूप से जोड़े रखने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

