यमुनागर: भाजयुमो ने सोनिया व राहुल के फूंके पुतले, किया प्रदर्शन
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

यमुनानगर, 17 अप्रैल (हि.स.)। नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भाजपा जिला युवा मोर्चा ने शेयरों की हेराफेरी, भ्रष्टाचार और हजारों करोड़ों रुपये की जमीन हथियाने के आरोपों पर राहुल गाँधी व सोनिया गाँधी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के भ्रष्टाचारी नेता नेशनल हेराल्ड केस में बुरी तरह से धिर गए हैं। आज इसी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा व सैंकड़ों भाजपा जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारीयों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में जगाधरी के मटका चौक पर कांग्रेस के राहुल गांधी व सोनिया गांधी के पुतले फूंकें।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा सरकार से मांग करता है कि राहुल गांधी व सोनिया गांधी सहित कांग्रेस के सभी नेताओं पर भ्रष्टाचार के जो आरोप लगे हैं इनमें उन पर सख्त सजा होनी चाहिए ताकि अन्य लोग भी इससे घबराकर अपराध करने से डरें।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचारी नेताओं ने नेशनल हैरल्ड के मामले में एक अनोखा भ्रष्टाचार करने का कीर्तिमान बनाया है। जिसमें नेशनल हेराल्ड में भी लगभग वही पदाधिकारी है और कांग्रेस के तत्कालीन पदाधिकारी भी लगभग वही लोग रहे। उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस के नेताओं के असलीयत जान चुके हैं इसलिए कांग्रेस हर प्रदेश में पूरी तरह से हर चुनाव हार रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग