भोपाल: लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला पर हथौड़ी से हमला, फिर आरोपी ने खुद को चाकू से गोदकर की आत्महत्या

भोपाल, 17 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित सोनागिरी सी-सेक्टर में रविवार सुबह घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक व्यक्ति ने अपनी महिला साथी पर हथौड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को मृत समझने के बाद उसने चाकू से खुद पर वार कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया के रूप में हुई है, जो निजी वाहन चालक था। वह सोनागिरी की सी-सेक्टर झुग्गी बस्ती में रहता था। उसकी पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी थी। एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के अनुसार मोहल्ले में रहने वाली कल्पना भारती पिछले कुछ समय से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। कल्पना अपने पति से अलग रह रही है और घरों में काम करती है।

रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि लक्ष्मण ने हथौड़े से कल्पना के सिर पर हमला कर दिया। महिला के अचेत होकर गिरने के बाद उसने उसे मृत समझ लिया और चाकू से खुद के गले व पेट पर कई वार कर लिए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पिपलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिस चाकू से लक्ष्मण ने खुद पर हमला किया था, उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल काॅलेज की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि घटना का सटीक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पूछताछ में सामने आया है कि लक्ष्मण, कल्पना के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर