बाजपुर के रजिस्ट्रार कानूनगो रिश्वत लेते गिरफ्तार

नैनीताल, 11 मार्च (हि.स.)। सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंहनगर जनपद के तहसील बाजपुर में भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्रार कानूनगो मोहन सिंह को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित तहसील में नाम दर्ज करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर दी थी। जांच में यह सामने आया कि शिकायतकर्ता का भूमि विवाद न्यायालय में लंबित था और मंडलायुक्त कुमाऊं ने उसके पक्ष में निर्णय दिया था। निर्णय के बाद जब उसने अपना नाम रजिस्टर में दर्ज कराने के लिए तहसील कार्यालय में संपर्क किया, तो रजिस्ट्रार कानूनगो मोहन सिंह ने इसके बदले रिश्वत की मांग की।

शिकायत सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान नैनीताल सेक्टर हल्द्वानी के निरीक्षकों ने उपाधीक्षक अनिल सिंह मनराल के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की। आज तहसील बाजपुर में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर मोहन सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सतर्कता अधिष्ठान द्वारा आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने इस सराहनीय कार्य के लिए ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार की सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर दें। सतर्कता अधिष्ठान 24×7 जनता की सेवा में तत्पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

   

सम्बंधित खबर