वर्ष 2023-24 में जीएसटी संग्रहण में बिहार 18 प्रतिशत ग्रोथ के साथ शीर्ष 5 राज्यों में शामिल:संजय सिंह

पटना, 18 सितम्बर (हि.स.)। सूचना एवं जन संपर्क विभाग के संवाद कक्ष में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य कर आयुक्त संजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023-24 में वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) संग्रहण में 18 प्रतिशत ग्रोथ के साथ बिहार देश के शीर्ष 5 राज्यों में से एक है।

जीएसटी संग्रहण में बिहार ने 13 प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत के मुकाबले 18 प्रतिशत की सम्मानजनक वृद्धि दर्ज की है। उल्लेखनीय है कि राज्य ने वर्ष 2021-22 से लगातार जीएसटी संग्रहण में 18 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। संजय सिंह ने कहा कि अप्रत्यक्ष कर संग्रहण के क्षेत्र में सरकार द्वारा ऐतिहासिक सुधार करते हुए 01.07.2017 से बिहार मूल्य वर्द्धित कर अधिनियम, 2005 के स्थान पर बिहार माल और सेवा कर अधिनियम, 2017(जीएसटी) लागू किया गया। जीएसटी के रूप में यह ऐतिहासिक कर सुधार को बिहार ने विगत सात वर्षों में बड़ी ही कुशलतापूर्वक लागू किया है।

संजय सिंह ने कहा कि विभाग के कुशल और प्रभावी कर प्रशासन एवं राज्य के सभी करदाताओं, व्यवसायिक संगठनों एवं अन्य हितधारकों के सकारात्मक सहयोग के फलस्वरूप विगत छः वर्षों में कर-संग्रह में 122 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि जीएसटी लागू होने के पूर्व वर्ष 2017-18 में जहां कर-संग्रहण के रुप में 17,236 करोड़ था वह वर्ष 2023-24 में बढ़कर 38,198 करोड़ हो गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में 42,500 करोड राजस्व संग्रहण का लक्ष्य है। अगस्त 2024 तक 15,463 करोड़ राजस्व की वसूली हुई है जो विगत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 8.4 प्रतिशत अधिक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

   

सम्बंधित खबर