बिमल गुरुंग का बड़ा दावा, बोले– जल्द खत्म होगी जीटीए

दार्जिलिंग, 17 मई (हि. स.)। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा सुप्रीमो बिमल गुरुंग ने दावा किया है कि अगले डेढ़ महीने के भीतर गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) को भंग कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद एक जांच आयोग का गठन होगा और छह महीने के भीतर पहाड़ के लिए नई संवैधानिक व्यवस्था लागू की जाएगी। दार्जिलिंग के माल इलाके में शनिवार को आयोजित एक जनसभा में गुरुंग ने यह बयान दिया था। उनके इस दावे से पहाड़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आम लोगों के बीच भी मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

गुरुंग के बयान पर जीटीए के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शक्तिप्रसाद शर्मा ने रविवार को तंज कसते हुए कहा कि सपने देखना अपराध नहीं है, लेकिन वह बेबुनियाद बातें कर माहौल गर्म करने की कोशिश कर रहे हैं।

विवाद तब और बढ़ गया जब गुरुंग ने हाल ही में एक बैठक में अनीत थापा और विनय तमांग पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की।

इस मामले में अनीत थापा ने दार्जिलिंग सदर थाने में उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच शुरू कर चुकी है।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में दार्जिलिंग सीट पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत के बाद बिमल गुरुंग एक बार फिर सक्रिय हो गए है और संगठन को मजबूत करने में जुटे है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में जीटीए के तहत कई परियोजनाओं में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है।

फिलहाल, गुरुंग के बयानों और आरोपों को लेकर पहाड़ की सियासत गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।

   

सम्बंधित खबर