हिमाचल में भाजपा 13 से 25 अप्रैल तक चलाएगी डाॅ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान
- Admin Admin
- Apr 11, 2025

शिमला, 11 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा संविधान निर्माता, भारत रत्न डाॅ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में डाॅ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 13 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगा। पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक बिहारी लाल शर्मा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होने बताया कि केन्द्र नेतृत्व के निर्देशानुसार यह अभियान प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच डाॅ. अंबेडकर के विचारों और उनके योगदान को लेकर जागरूकता फैलाएंगे।
इस अभियान की शुरुआत से पहले 12 अप्रैल को शिमला में एक प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 150 कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस कार्यशाला का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल करेंगे। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं विधायक वीरेन्द्र मनयाल तथा पूर्व सांसद विनोद सोनकर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में चार प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें डाॅ. अंबेडकर का समाज के प्रति योगदान, स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस द्वारा उनके साथ किए गए भेदभाव, भाजपा द्वारा पिछले 11 वर्षों में अंबेडकर के प्रति किए गए सम्मानजनक कार्य, और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा शामिल है।
उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल को प्रदेशभर में डाॅ. अंबेडकर की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी और दीपोत्सव का आयोजन होगा। 14 अप्रैल को सभी मंडलों में उनके चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद 15 से 25 अप्रैल तक जिला स्तर पर संगोष्ठियों, विचार गोष्ठियों और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा