भाजपा लोकतांत्रिक विचारधारा वाली कैडर आधारित पार्टी : रेखा वर्मा

शिमला, 27 सितंबर (हि.स.)। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान की क्षेत्रीय प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा है कि देश में लगभग पांच हजार छोटी-बड़ी राजनीतिक पार्टियां हैं, जिनमें से 50 सक्रिय हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो राष्ट्रीय और लोकतांत्रिक विचारधारा पर आधारित एक कैडर आधारित और बड़े पैमाने पर अनुसरण करने वाली पार्टी है।

रेखा वर्मा शुक्रवार को शिमला में भारतीय जनता पार्टी सदस्यता अभियान के प्रथम चरण की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान नहीं चलाया जाता और न ही सदस्यता को वरीयता दी जाती है। मगर भाजपा के सदस्यता अभियान में एक ही मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री और उपमुख्यमंत्री उपस्थित रहते हैं। यह सदस्यता अभियान के प्रति भाजपा की गंभीरता और पारदर्शिता को दर्शाता है। भाजपा में किसी नेता के परिवार का सदस्य नहीं, बल्कि जमीन और साधारण पृष्ठभूमि से जुड़ा हुआ कार्यकर्ता ही नेता बनता है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रव्यापाी सदस्यता अभियान चल रहा है। उसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान का पहला चरण 25 सितम्बर को पूर्ण हो चुका है और अब तक 8 लाख 9 हजार 653 सदस्य भारतीय जनता पार्टी के ऑनलाईन बन चुके हैं तथा ऑफ लाईन सदस्यता मिलाकर हम लगभग 10 लाख का आंकड़ा पार कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पूर्व सदस्यता है उस सदस्यता के आंकड़ को पहले चरण में ही पूरा कर लिया गया है। आज समीक्षा बैठक चल रही है। आज जहां-जहां पर हमारी सदस्यता अभियान की गति ठीक है उसको और आगे बढ़ाएंगे और जिन मंडलों में इस अभियान की गति थोड़ी कम है उसको तीव्र करेंगे। हमारे सभी मोर्चे युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक मोर्चा और प्रकोष्ठ 01 अक्तूबर से 15 अक्तूबर, 2024 तक अपने अपने क्षेत्रों में, अपने-अपने वर्ग में सदस्यता अभियान चलाएंगे। उन्होनें कहा कि 16 अक्तूबर से सक्रिय सदस्यता के फाॅर्म भरने कार्य शुरू होगा जो 30 अक्तूबर, 2024 तक चलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर