हिमाचल कांग्रेस में मचे घमासान पर भाजपा का तंज- इस बार राहुल बनाम प्रियंका

नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश मॉडल की तारीफ करने को लेकर हिमाचल कांग्रेस में घमासान मचा गया है। इस पर भारतीय जनता पार्टी ने चुटकी लेते हुए कहा कि हिमाचल कांग्रेस बंटती नजर आ रही है। इस बार साफ तौर पर राहुल बनाम प्रियंका है।

शनिवार को भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो के माध्यम से कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी बंटती नजर आ रही है और इस बार मामला सिर्फ सुक्खू बनाम विक्रमादित्य या सुक्खू बनाम प्रतिभा सिंह नहीं है बल्कि इस बार साफ तौर पर राहुल बनाम प्रियंका है।

उन्होंने कहा कि जैसे ही विक्रमादित्य सिंह ने 'उत्तर प्रदेश का मॉडल' की तारीफ की और उसे हिमाचल प्रदेश में लागू करने की बात कही तो कांग्रेस फंस गई। राहुल गांधी खेमे से एक के बाद एक विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ बयान जारी होने लगे। आज लोग देख रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी किस तरह से वोटबैंक का हित साध रही है। फटकार के बाद भी विक्रमादित्य सिंह के तेवर नहीं बदले हैं और उनके मंत्री धनीराम शांडिल ने भी विक्रमादित्य सिंह का समर्थन किया है। यानी राहुल गांधी खेमे से लगातार मिल रही फटकार के बाद भी प्रियंका खेमा सीधे तौर पर कह रहा है कि हम अपनी बात पर अड़े रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

   

सम्बंधित खबर