केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का जनसंपर्क अभियान
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
सुपौल, 19 जून (हि.स.)।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार को राघोपुर प्रखंड के सिमराही नगर में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने वरिष्ठ समाजसेवी धनश्याम लाल माधोड़िया के आवास पहुंचकर उनका सम्मान किया तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषि देव, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धनश्याम लाल माधोड़िया को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पत्रक भी वितरित किए गए, ताकि नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल सके।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषि देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने सुशासन, गरीब कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनसंपर्क अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

