भाजयुमो पूरे हिमाचल में चलाएगी हर घर तिरंगा अभियान : तिलक राज

शिमला, 11 अगस्त (हि.स.)। देश की मोदी सरकार के हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने को लेकर भाजपा युवा मोर्चा प्रतिबद्ध है और इस अभियान को 13 अगस्त तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा हर घर तिरंगा अभियान को और व्यापक स्वरूप देने जा रही है और इसे अब तक का सबसे बड़ा अभियान बनाया जाएगा।

तिलक राज शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस बार हर विधानसभा क्षेत्र के हर कस्बे, गांवों व घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। आम लोगों के बीच में राष्ट्र प्रेम की भावना जगाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा यात्रा कार्यक्रम भी निकाली जाएगी।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सद्भाव एवं स्वाधीनता के आंदोलन से जुड़े सेनानियों को याद करना है। तिरंगा देशवासियों की आन-बान और शान है। और इसे हमें सदैव बरकरार रखना है।

तिलक राज शर्मा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए हजारों नौजवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी और लाखों परिवारों ने अपना सुख-चैन त्यागा है। देशभक्ति से ओतप्रोत होकर देश की जनता ने दिन-रात एक करके अंग्रेजों के छक्के छुड़ाए और अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर