ब्लैकआउट मॉकड्रिल को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने अधिकारियों और प्रबुद्धजनों के साथ की बैठक
- DSS Admin
- May 13, 2026
अररिया 13 मई(हि.स.)। हवाई हमले और ब्लैकआउट को लेकर कल गुरुवार शाम में सात बजे से होने वाले जिला में मॉकड्रिल को लेकर फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रबुद्धजनों के साथ बुधवार को बैठक की।जिसमें ब्लैकआउट मॉकड्रिल की सफलता को लेकर रूपरेखा तैयार की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साहा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में जागरूकता के लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों में माइकिंग करवाने,अनुमंडल के अधीनस्थ नगर निकाय क्षेत्र फारबिसगंज,जोगबनी और नगर परिषद क्षेत्र में सिविल सोसाइटी के साथ बैठक कर गुरुवार 14 मई को शाम सात बजे से सवा सात बजे तक ब्लैकआउट करने के लिए किसी तरह की रोशनी उत्पन्न नहीं करने और विभिन्न स्थानों पर अलार्म बजाकर अलर्ट करने की वृहत चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम और एसडीपीओ ने आमजनों से ब्लैकआउट मॉकड्रिल को सफल बनाने के लिए गुरुवार शाम सात बजे से अपने अपने घरों और प्रतिष्ठान की लाइट बंद रखने की अपील की।
बैठक में एसडीएम और एसडीपीओ के अलावा बीडीओ संजय कुमार,मुख्य पार्षद वीणा देवी,अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण,फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार,जोगबनी थानाध्यक्ष महादेव कामत,बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर साहू,नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार,सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार,विद्युत विभाग की एसडीओ कोमल कुमार, जेईई कैलाश कुमार,अनुमंडलीय अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार,अग्निशमन पदाधिकारी वकील अहमद,एसएसबी के अधिकारी हरेंद्र कुमार,समाजसेवी वाहिद अंसारी,रमेश सिंह,मनोज कुमार जायसवाल,डिम्पल चौधरी,प्रो.गणेश ठाकुर,रजत रंजन,सुरेंद्र यादव,नंदन ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।

