काशी काव्य संगम साहित्य सेवा से प्राप्त कर रहा नई ऊंचाइयां: डॉ. संजय सिंह
- Admin Admin
- Apr 20, 2025

बरेका स्थापना दिवस और काशी काव्य संगम का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न
वाराणसी, 20 अप्रैल (हि.स.) । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के स्थापना दिवस एवं काशी काव्य संगम के पंचम वार्षिकोत्सव का आयोजन रविवार को बरेका पुस्तकालय में किया गया। इस विशेष अवसर पर वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ. संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बरेका स्थापना दिवस पर काशी काव्य संगम के सहयोग से जो साहित्यिक रसधारा प्रवाहित हुई है, वह न केवल बरेका के कर्मचारियों और उनके परिजनों, बल्कि आसपास के नागरिकों में भी साहित्यिक चेतना और रुचि को जागृत करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बरेका नई-नई तकनीकों से लोकोमोटिव निर्माण में निरंतर रिकॉर्ड बना रहा है, उसी प्रकार काशी काव्य संगम भी साहित्य सेवा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
इस अवसर पर दो पुस्तकों – आलोक सिंह ‘बेताब’ की दिल की किताब तथा रामजतन पाल की अंडे की मां का लोकार्पण भी किया गया। वरिष्ठ साहित्यकार हीरालाल मिश्र ‘मधुकर’ ने दोनों पुस्तकों की सराहना करते हुए लेखकों को बधाई दी। वरिष्ठ पुस्तकालयाध्यक्ष कंचन सिंह परिहार ने पुस्तक की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में साहित्य, समाज सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली कई विभूतियों का नागरिक अभिनंदन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. जीतेंद्र नाथ मिश्र शामिल रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राम सुधार सिंह को काशी काव्य संगम साहित्य गौरव सम्मान – 2025 , डॉ. अशोक कुमार सिंह को काशी काव्य संगम गीत गौरव सम्मान - 2025 , डॉ. सत्या सिंह को काशी काव्य संगम सजग लेखनी सम्मान – 2025 ,शमीम ग़ाज़ीपुरी को उस्ताद शायर मयार सनेही स्मृति सम्मान – 2025, डॉ विनोद कैमूरी को पं. हरे राम द्विवेदी ‘हरि भैया’ स्मृति सम्मान – 2025, रविकांत मिश्र को पं. राम प्रवेश तिवारी ‘रागेश’ स्मृति सम्मान – 2025, डॉ लियाक़त अली ‘जलज - व नरेंद्र कुमार शर्मा को प्रो. अर्जुन तिवारी पत्रकारिता सम्मान दिया गया। इसी कार्यक्रम में काशी युवा प्रतिभा सम्मान आनंद कृष्ण ‘मासूम’ ,काशी युवा प्रतिभा सम्मान - पूनम त्रिपाठी को दिया गया।
सम्मान समारोह के उपरांत कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें आनंद कृष्ण ‘मासूम’, विदुषी सहाना (वाराणसी), जय प्रकाश मिश्र ‘धानापुरी’, गणेश सिंह ‘प्रहरी’, राम जतन पाल, सिद्धनाथ शर्मा ‘सिद्ध’, डॉ. जगदीश नारायण गुप्ता, सूर्यदीप कुशवाहा एवं डॉ. आलोक त्रिपाठी जैसे कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार हीरालाल मिश्र ‘मधुकर’ ने किया। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत संस्थान सचिव आलोक सिंह ने और काशी काव्य संगम की वार्षिक रिपोर्ट सचिव डॉ. नसीमा निशा ने प्रस्तुत की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी