
जलपाईगुड़ी, 13 मई (हि. स.)। सात माह की बच्ची अपने पिता के साथ घर में सो रही थी। सुबह-सुबह बंद कमरे से पिता-पुत्री के शव बरामद हुआ! इस घटना से मयनागुड़ी ब्लॉक के सिंगिमारी इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि सिंगिमारी क्षेत्र निवासी दीपक रॉय की शादी करीब दो वर्ष पूर्व रामशाय निवासी दीपा रॉय से हुई थी। दीपा ने सात महीने पहले एक बेटी को जन्म दिया था। इस बीच, बच्चे को जन्म देने के बाद दीपा लगभग चार महीने तक अपने पिता के घर रामशाय में रही। अपने पिता के घर पर रहते हुए दीपा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तब से बच्चा अपने पिता के साथ सिंगिमारी में रहता था। परिवार और दीपक बच्ची की देखभाल करते थे। हर दिन की तरह दीपक सोमवार रात अपनी बेटी के साथ कमरे में सोने चला गया। सुबह जब दीपक घर से बाहर नहीं आया तो घर के लोगों ने उसे आवाज लगानी शुरू कर दी। इसके बावजूद दीपक ने दरवाजा नहीं खोला। जिस पर परिवार के सदस्य दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो पाया कि दीपक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जबकि दीपक की बेटी बिस्तर पर बेहोश पड़ी है। परिवार ऐसी स्थिति देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने तुरंत मयनागुड़ी थाने की पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बरामद कर अस्पताल ले गई तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मयनागुड़ी थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना से इलाके में मातम छा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार