भाजपा पंचायत सदस्य की मां का शव झाड़ी से बरामद, हत्या का मामला दर्ज
- Admin Admin
- May 10, 2025

जलपाईगुड़ी,10 मई (हि.स)। माल बाजार प्रखंड के नेउरा रेलवे स्टेशन के समीप झाड़ी से भाजपा पंचायत सदस्य की मां का शव बरामद किया गया है। मृतक का नाम गोलापी रॉय (48) है। वह नेउरा झुग्गी बस्ती इलाके की निवासी थी। महिला का एक बेटा नेउरा ग्राम पंचायत का सदस्य है। पिछले पंचायत चुनाव में महिला का बेटा विशाल रॉय भाजपा के टिकट पर जीते थे।बताया जा रहा है कि महिला शुक्रवार को शौच के लिए घर से निकली थी। फिर वह घर वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने उसे नेउरा रेलवे स्टेशन के पास झाड़ी में गंभीर हालत में पाया। महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए। सूचना मिलने पर माल बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मालबाजार सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले गए, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।इस बीच, मृतक के बड़े बेटे अमृत रॉय ने इस घटना के संबंध में मालबाजार पुलिस थाने में हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे कोई राजनीतिक प्रतिशोध तो नहीं है। माल बाजार थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार