अनूपपुर: कॉलेज छात्रा का फंदे पर लटकता मिला शव, किराए के मकान में रहती थी
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
अनूपपुर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अनूपपुर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में शनिवार को 20 वर्षीय युवती का शव मिला। युवती का शव किराए के मकान की छत पर फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, अन्य कमरों में किराए पर रह रही लड़कियों ने सबसे पहले शव देखा और मकान मालिक भारत सिंह राठौर को जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक ने युवती के परिजनों के साथ कोतवाली पुलिस और डायल 112 को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का मुआयना किया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विवेचक एसआई त्रिलोक सिंह वालरे ने बताया कि मृतका की पहचान 20वर्षीय गायत्री सिंह पुत्री पवन सिंह, ग्राम बहोरीटोला केकरपानी के रूप में हुई है। वह एक माह पूर्व केकरपानी गांव निवासी रन्नु यादव के साथ साझा कमरा लेकर यहां रह रही थी। गायत्री ने कुछ दिन पहले ही पीएम श्री तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्रथम साल में नामांकन कराया था। पिछले साल उसने अनूपपुर में ही रहकर डीसीए कोर्स किया था। करीब 15-20 दिन पहले वह एडमिशन के लिए पैसे लाने अपने गांव गई थी।
पुलिस के अनुसार, किराए पर रह रही अन्य लड़कियों ने बताया कि रात 11 बजे तक सभी जगे हुए थे। संभवतः उनके सोने के बाद युवती छत पर गई होगी और सीलिंग हुक से दुपट्टे के सहारे फंदा लगा ली होगी। पुलिस घटना का समय रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच मान रही है। सुबह सात बजे लड़कियों ने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी।
विवेचक के अनुसार कमरे में गायत्री के साथ रह रही दूसरी युवती भी कुछ दिन पहले अपने गांव केकरपानी गई हुई थी। गायत्री अन्य किराएदार लड़कियों से कम बातचीत करती थी। उसके परिवार में माता-पिता, एक बड़ी बहन और दो भाई हैं। पिता खेती-किसानी के साथ मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

