दिनहाटा में पंचायत प्रधान के घर पर बम फेंके जाने से इलाके में दहशत
- DSS Admin
- May 19, 2026
कूचबिहार, 19 मई (हि. स.)। दिनहाटा ब्लॉक के भेटागुड़ी दो नंबर ग्राम पंचायत की तृणमूल प्रधान प्रियंका डे सरकार के घर पर बम फेंके जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना सोमवार देर रात बालाडांगा कालीरहाट इलाके में हुई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात जब प्रधान और उनका परिवार घर में सो रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाकर बम फेंका। जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा।
सूचना पाकर दिनहाटा थाने की पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान घर के पास से दो जिंदा बम भी बरामद किए गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रधान प्रियंका डे सरकार ने इस घटना के लिए किसी राजनीतिक दल को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उन्होंने इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताया।
गौरतलब है कि प्रियंका पहले भाजपा से जुड़ी थी, बाद में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गई थी।

